नवाबगंज (उन्नाव)। सरोसा ग्राम पंचायत में 81 अपात्र पेंशन उठा रहे थे और 14 लोगों के राशनकार्ड फर्जी बने थे। इस फर्जीवाड़े का खुलासा सीडीओ के निर्देश पर हुई जांच में हुआ। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी है।
नवाबगंज ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरोसा के मजरा शीतलखेड़ा में आठ मई को सीडीओ विवेक ने खुली बैठक कर विकास कार्यों और शासन की योजनाओं का सत्यापन किया था। इसमें वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन और राशनकार्डों में गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं। सीडीओ ने बीडीओ दिनेश शुक्ला को मामले की जांच सौंपने के साथ अपात्रों को मिली पेंशन की धनराशि ग्राम प्रधान व वीडीओ से वसूलने के निर्देश दिए थे। बीडीओ शुक्ला ने जांच की तो पेंशन उठा रहे 81 लोग अपात्र मिले। इसी तरह 14 फर्जी राशनकार्ड पाए गए। इनमें 12 बीपीएल और दो अंत्योदय कार्ड हैं। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। इसके साथ ही अपात्र राशनकार्ड धारकों की जगह नए कार्ड के लिए सूची भी भेज दी गई है। गौरतलब कि ब्लाक के ज्यादातर गांवों से राशनकार्ड और पेंशन अपात्रों को देने की शिकायतें आती रहती हैं। अगर सभी गांवों में पड़ताल कराई जाए तो बहुत बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हो सकता है।