उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिंगरोसी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। मृत युवक के पिता का आरोप है कि फैक्ट्री से लाखों की मशीनें चोरी करने के इल्जाम से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
सिंगरोसी गांव निवासी रोहित कुमार अवस्थी (20) पुत्र दिलीप कुमार औद्योगिक क्षेत्र अकरमपुर में स्थित एक फैक्ट्री में ठेके पर जूते के अपर सिलाई का काम करता था। मंगलवार की रात दिलीप ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता दिलीप अवस्थी का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने उसके बेटे पर एक लाख कीमत की तीन मशीनें चोरी करने का आरोप लगाया था और पुलिस से दबाव बनाया जा रहा था। पिता के मुताबिक शनिवार को फैक्ट्री से मशीनें चोरी हुई थीं। रविवार को रोहित के मोबाइल पर फैक्ट्री से फोन आया और उसके बाद वह काफी परेशान हो गया। पूछने पर बताया कि फैक्ट्री मालिक उस पर मशीनें चोरी करने का आरोप लगा रहा है। फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर पुलिस ने रोहित को मंगलवार तक मशीनें लाने को कहा था। रोहित सोमवार और मंगलवार को फैक्ट्री गया। मंगलवार की शाम जब वह घर पहुंचा तो काफी परेशान था पिता के मुताबिक उसने बताया था कि पुलिस द्वारा तय की गई समय सीमा समाप्त हो रही है और बुधवार को वह मशीनें कहां से देगा। देर रात उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उधर, कोतवाली प्रभारी अमृतलाल का कहना है कि युवक की मौत की सूचना जिला अस्पताल से मिली थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता की ओर से उन्हें अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।