उन्नाव। तंत्र-मंत्र की कमाई में हिस्सेदारी और कुटी पर कब्जा जमाने के विवाद में चेले ने बाबा को ईंटों से कुचल कर मार डाला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पिटाई के बाद चेले को पुलिस के हवाले कर दिया। बाबा मूलत: फतेहपुर जिले का रहने वाला था।
घटना हसनगंज थाना क्षेत्र के गांव लालपुर की है। यहां कुटिया बनाकर रह रहा बाबा विमल कुमार शुक्ला (45) पिछले दस साल से रोग-व्याधि और समस्याओं से छुटकारा दिलाने का ग्रामीणों को झांसा देकर तंत्र-मंत्र करता था। उसने गांव के बंाकेलाल को अपना चेला बना लिया था। ग्रामीणों के मुताबिक कुटिया में तंत्रमंत्र कराने वालों का रोज मजमा लगता था। हजारों की कमाई में हिस्सा-बांट को लेकर गुरु-चेले में अक्सर झगड़ा हुआ करता था।
आए दिन की तरह मंगलवार की रात भी दोनों में मारपीट हुई। चेले ने ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर बाबा को मरणासन्न कर दिया। जानकारी मिलते ही कुटी पर पहुंचे ग्रामीणों ने चेले की जमकर पिटाई कर दी। हसनगंज थाना पुलिस ने घायल बाबा और चेले को जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने बाबा को मृत घोषित कर दिया। चेले को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हसनगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने बताया कि बाबा मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला था। दोनों के बीच कमाई की हिस्सेदारी और कुटी पर कब्जेदारी का विवाद था। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।