उन्नाव। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार ने ऐसे मरीजों के इलाज के लिए 47 लाख रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष से जारी किए हैं। मरीज, सांसद कार्यालय में संपर्क कर आर्थिक लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा सांसद ने जिले में एम्स का निर्माण कराने और एनटीपीसी के निर्माण के लिए भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है।
जिले में कई ऐसे परिवार हैं जिनके यहां कोई न कोई गंभीर बीमारी से परेशान है। मरीज के इलाज के लिए उनके पास पैसा नहीं है। ऐसे मरीजों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने जिले के सांसद को ऐसे लोगों के इलाज के लिए 47 लाख रुपये जारी किए हैं। सांसद हरि साक्षी महाराज ने बताया कि जिन मरीजों को इस निधि का लाभ लेना है वह अस्पताल से पर्चे का इस्टीमेट व निवास प्रमाण पत्र जल्द से जल्द प्रस्तुत करें ताकि मरीजों को इसका लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भारत सरकार ने पूरे भारत में एनटीपीसी के संस्थान खोलने का निर्णय लिया है। लखनऊ-कानपुर के बीच पड़ने वाला यह जिला अभी बहुत ही उपेक्षित है। यहां बूचड़खानों के अलावा और कुछ भी नहीं है। इसलिए एनटीपीसी का प्रोजेक्ट इस जिले में लगवा जाना अनिवार्य है। इसी प्रकार पूरे भारत में 10 ऐम्स खोलने का निर्णय लिया गया है। इस जिले में भी जन सामान्य का जीना दूभर है। यहां भी एम्स का निर्माण करवाया जाए।