उन्नाव। जनप्रतिनिधिओं की शिकायत पर लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक की अगुवाई में आई टीम ने मिट्टी खनन के लिए बदनाम कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को कहीं भी खनन होते नहीं मिला। कई स्थानों पर मौके पर खोदी गई मिट्ट की अधिकारियों ने नापजोख कराई। अफसरों ने जांच रिपोर्ट शासन को देने की बात कही है।
कुछ समय पहले जिले के कई जनप्रतिनिधियों ने शासन से शिकायत की थी कि जनपद में कई स्थानों पर जमकर मिट्टी खनन हो रहा है। अधिकारी इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। प्रमुख सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने इसे गंभीरता से लिया और ज्वाइंट डायरेक्टर जय प्रकाश को जांच के लिए भेजा। संयुक्त निदेशक जय प्रकाश ने स्थानीय खनन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह, आशीष कुमार और अधिकारी सर्वेक्षण डीके शर्मा के साथ गुरुवार रात को बौनामऊ, माखी, थाना आदि क्षेत्रों में निरीक्षण किया। शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे टीम के अधिकारी सहजनी के देवाराखुर्द, थाना का लालताखेड़ा, बिरसिंहपुर और हसनगंज के एक गांव का निरीक्षण किया। यहां कुछ जगहों पर खोदी गई मिट्टी के स्थान मिले। जहां मिट्टी खुदाई के कारण बड़े गड्ढे हो गए थे। अधिकारियों ने इन स्थानों की नापजोख कराई। इसके बाद कई अन्य स्थानों का भी जायजा लिया। ज्वाइंट डायरेक्टर ने बताया कहीं भी मौके पर खनन होते नहीं मिला और न मिट्टी लदे वाहन ही दिखाई दिए। उन्होने कहा निरीक्षण रिपोर्ट वह शासन को देंगे। इस दौरान उसके साथ नायब तहसीलदार सदर विवेक मिश्रा और लेखपाल मौजूद रहे। खनन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जांच अभी चल रही है।