उन्नाव। औरास के नंदौली में 25 दिन बाद भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर डीएम सौम्या अग्रवाल ने नाराजगी जताई। तहसील दिवस में प्रकरण आने पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन को सख्त हिदायत दी। निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मर 72 घंटे के अंदर बदले जाएं। एक्सईएन, एई व जेई सीयूजी नंबर पर आने वाले कॉल हर हाल में अटेंड करें।
निराला प्रेक्षागृह में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पिछले तहसील दिवसों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा में पाया कि बीडीओ सिकन्दरपुर करन के यहां एक, ईओ नगर पालिका उन्नाव के यहां एक, सदर तहसील के 2 व कुछ प्रकरण पुलिस विभाग के लंबित हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के जल्द निस्तारण के आदेश दिए। डीएम ने आबकारी और औषधि खाद्य प्रशासन को रोजाना छापेमारी के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी पुलिस, राजस्व व पुलिसकर्मी विशेष सजगता बरतें। तहसील दिवस में एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ नेहा शर्मा, तहसीलदार मंसूर अहमद, डीडीओ राममणि त्रिपाठी, पीडीडीआरडीए पीएन वर्मा, डीसी मनरेगा राजेश मिश्र समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बीघापुर तहसील दिवस उपजिलाधिकारी मृत्युन्जयराम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कुल 30 प्रार्थनापत्र आये जिसमें एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। एसडीएम ने गत तहसील दिवस के प्रार्थनापत्रों के निस्तारण की समीक्षा की। इसके बाद आये सभी फरियादियों का सुना। मगरायर निवासी सन्तदास ने प्रार्थनापत्र दिया कि पूर्व तहसील दिवस में शिकायतीपत्र दिया था लेकिन उसकी रसीद उसे नहीं दी गयी। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी गोपीनाथ सोनी, बीडीओ नरेशबाबू सविता, एसपी सिंह, मत्स्य अधिकारी आरएन सिंह सहित अधिकारी उपस्थित थे। बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील दिवस में 21 मामले आए। मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक बदलू खां समेत एडीओ समाज कल्याण देशराज सिंह व विद्युत अभियंता विजय सैनी मौजूद रहे।