उन्नाव। मौरंग लदे ट्रक की चपेट में आकर कानपुर-लखनऊ हाइवे का रेलवे फाटक टूट गया। काफी देर तक ट्रक भी क्रासिंग में फंसा रहा। गेटमैन ने मामले की सूचना कंट्रोलरूम को दी। इस पर उन्नाव की ओर से आ रही पैसेन्जर को आउटर पर रोक दिया गया। वहीं आरपीएफ ने ट्रक चालक को पकड़ लिया।
सोमवार सुबह करीब 3.30 बजे रायबरेली पैसेन्जर के आने की सूचना मिलते ही गेटमैन ने हाइवे गेट नंबर 125 बंद करना शुरू कर दिया। यह देख कानपुर की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने जल्दी निकलने के चक्कर में रफ्तार बढ़ा दी। इससे ट्रक रेलवे फाटक से जा टकराया। टक्कर लगने से फाटक टूट गया और ट्रक बीच में फंस गया। यह देख गेटमैन ने सूचना कंट्रोलरूम को देने के साथ ही रेलवे पुलिस को भी दी। आरपीएफ एसआई कुंवरशाह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, कंट्रोलरूम ने रायबरेली पैसेन्जर को आउटर पर ही रोक दिया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। रेलवे पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। ट्रक को क्रासिंग से हटवाया इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी। चालक ने अपना नाम कृपाशंकर पुत्र रामआसरे निवासी पहाड़पुर बिधनू कानपुर नगर बताया। आरपीएफ ने चालक का रेलवे एक्ट में चालान कर दिया।