अचलगंज। रास्ते में शौच करने से मना करने पर जमकर लाठियां चलीं। मारपीट में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुछ शरारतीतत्वों ने विवाद को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास भी किया मगर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत करा दिया। एसपी ने एहतियात बरतते हुए कसबा में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है।
अचलगंज कस्बा निवासी तालिब व इरशाद शनिवार रात करीब नौ बजे कस्बे के उत्तर दिशा में तालाब के किनारे शौच के लिए गया था। कनासिन देवी मोहल्ला निवासी दिलीप ने रास्ते में शौच करने से मना किया। पड़ोस में ही रहने वाले तालिब, इरशाद और दिलीप में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर तालिब व इरशाद ने दिलीप के साथ मारपीट की। सूचना पाकर दिलीप के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान तालिब पक्ष के लोग उलाहना देने के नीयत से छन्नर के घर पहुंचे तो दिलीप के परिजनों को लगा वह लोग मारपीट करने आए हैं। इस पर दिलीप के परिजनों ने घर के बाहर खड़े लोगों को लाठी डंडों से पीट दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट में घायल रज्जब अली के अलावा उनकी पत्नी शायराबानों, बेटी रुखशार (20) बेटे इरशाद (18) व तालिब (16), भतीजे इकलाक को जिला अस्पताल भेजा। घायल रज्जब अली के बेटे इरशाद की तहरीर पर पुलिस ने दिलीप, सोने, दुर्गा शंकर, छन्नर व कमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। रात में कुछ शरारतीतत्वों ने घटना को सांप्रदायिक रंग देकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। उन्होंने एसपी सहित जिले के अन्य अधिकारियों को सूचना दी। बवाल बढ़ने की आशंका को देखते हुए एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक रामकिशुन यादव, सीओ बीघापुर गोपीनाथ सोनी, उपजिलाधिकारी सरयू प्रसाद शुक्ला समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन बीघापुर सर्किल के अलावा माखी, फतेहपुर चौरासी और पुलिस लाइन से पुलिस और पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। थानाध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि मामला शांत है। दो लोगों को हिरासत में लेकर अन्य की तलाश की जा रही है।