फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

1360 रुपये प्रति कुंतल खरीदा जाएगा धान

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। जिले में एक अक्टूबर से धान खरीद शुरू होगी। इस बार धान उत्पादक किसानों को अपनी उपज बेचने पर 1360 रुपये प्रति कुंतल का समर्थन मूल्य मिलेगा। पिछले वर्ष सरकार ने किसानों को 1310 रुपये प्रति कुंतल की दर से भुगतान किया था। इस बार 50 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई है। किसानों का कहना है कि कम से कम 100 रुपये प्रति कुंतल बढ़ना चाहिए था। उधर, खाद्य विपणन विभाग के कर्मचारी खरीद केंद्रों की तैयारियों में जुट गए हैं। क्रय केंद्रों को खोलने के लिए सर्वे चल रहा है। विभाग जल्द ही यह सूची अनुमोदन के लिए जिला प्रशासन को भेजेगा। विभागीय सूत्रों की मानें तो किसानों को अपनी उपज बेचने को लेकर ज्यादा दूर न जाना पड़े इसके लिए उनके नजदीक केंद्र खोलने की कवायद की जा रही है। केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटों की भी व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन

पिछले साल 36 केंद्र खोले गए थे। इस बार भी इतने ही केंद्र खोलने की संभावना जताई जा रही है। शासन ने धान खरीद में व्यवस्था को और ज्यादा पारदर्शी बनाने की योजना बनाई है। केंद्र प्रभारी किसानों का शोषण न कर सकें और धान गीला बताकर उसे वापस और ज्यादा कटौती न करें इसके लिए 17 फीसदी तक नमी के धान में कोई कटौती न करने के आदेश जारी किए गए हैं। यही नहीं कांटे में कमी बताकर केंद्रों से किसान वापस नहीं किए जाएंगे। साथ ही समय से पहले खरीद बंद नहीं होगी। हर केंद्र पर दो-दो इलेक्ट्रानिक कांटों की व्यवस्था होगी। यदि एक कांटे में कुछ गड़बड़ी आती है तो दूसरे से खरीद हो सकेगी। इसके अलावा केंद्र पर इलेक्ट्रानिक कांटों के अतिरिक्त 1 नमी मापक यंत्र, 1 छन्ना व एक ब्लोइंग पंखे की भी व्यवस्था होगी। सूत्रों की मानें तो शासन ने अभी तक खरीद का लक्ष्य नहीं भेजा है। जिससे अधिकारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी घनश्याम कुमार ने बताया कि शासन से समयसारिणी घोषित कर दी गई है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी को प्रभारी खरीद अधिकारी बनाया है। हालांकि अभी लक्ष्य नहीं आया है। केंद्रों का सर्वे किया जा रहा है। जल्द ही इसकी सूची अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें