गंजमुरादाबाद। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुड्डा निवासी वृद्धा ने नौजवान बेटे के इलाज में अपनी गृहस्थी, जमीन जायदाद सब बेच दिया। कर्ज लेकर भी इलाज कराया, लेकिन ठीक न होने पर अब उसने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से बेटे के इलाज के लिए फरियाद लगाई है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुड्डा निवासी स्व. हरिनारायण राजपूत का सबसे बड़ा 18 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार 9 जुलाई 2014 को बिल्हौर मार्ग पर ग्राम दधिका के पास एक टेंपो पलटने से घायल हो गया था। बूढ़ी मां ने जमीन बेचकर इलाज कराया, फिर पैसे खर्च कम पड़ने पर जानवर और इंजन भी बेच दिया। कर्ज भी लिया, लेकिन बेटा ठीक नहीं हुआ। दिनेश कुमार की कमर और कई छोटे अंगों की हड्डियां टूट जाने से वह अभी भी उठने-बैठने मेें असमर्थ है। घायल दिनेश का उपचार वृद्ध मां ने राजकीय चिकित्सालय बिल्हौर, हैलट अस्पताल कानपुर, सेवा हास्पिटल उन्नाव, लोहिया हास्पिटल लखनऊ में कराया। उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका है। रुपये खत्म होने पर अस्पताल से चिकित्सक उसे भगा देते हैं। मां ने अब प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर आर्थिक मदद की मांग की है, साथ ही समाजसेवियों से भी मदद की गुहार लगाई है। महाबोधि मेमोरियल एजूकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष रामनाथ कनौजिया ने उक्त घायल दिनेश कुमार के परिवार से संपर्क कर उसके उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।