उन्नाव। समाजवादी पेंशन योजना की सत्यापन प्रक्रिया समय से पूरी न होने पर मुख्य सचिव ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर इसे खेदजनक बताया है। निर्देश दिए कि नवंबर तक सत्यापन कार्य पूरा कर लिया जाए।
समाजवादी पेंशन के लिए जिले भर से लगभग डेढ़ लाख लोगों ने आवेदन किया है। लक्ष्य करीब 55000 है। रानी लक्ष्मी बाई पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या करीब 47000 है। समाजवादी पेंशन के लिए इन लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जानी है। 15 अगस्त 2014 तक समाजवादी पेंशन योजना के आवेदकों का सत्यापन हो जाना चाहिए था लेकिन अभी तक यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है। मुख्य सचिव आलोक रंजन ने इसे गंभीरता से लिया है। डीएम को जारी किए गए एक पत्र में इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। कहा है कि यह स्थिति अत्यन्न खेदजनक है। समयावधि बीत चुकी है लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। निर्देश दिए हैं कि समाजवादी पेंशन को लेकर सारी प्रक्रियाएं 10 नवंबर 14 तक पूरी कर लें। यदि इस समयावधि में प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गई तो फिर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
....................