उन्नाव। ईद के मौके पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सोमवार को एसपी ने कई थानाक्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों और प्रमुख नमाज स्थलों का जायजा भी लिया। निर्देश दिए कि किसी स्तर पर कोई चूक न होने पाए।
एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव सोमवार को सफीपुर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार खरे से नमाज स्थलों की सुरक्षा के लिए कई गई तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने नमाज स्थलों का जायजा लिया। एसपी ने नमाज स्थलों के आसपास बैरीकेडिंग कराने को कहा। इसके बाद बांगरमऊ कोतवाली, आसीवन और हसनगंज थाना भी गए। एसपी ने कोतवाली और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि ईद की नमाज के दौरान क्षेत्र के सभी नमाज स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखें।
सफीपुर प्रतिनिधि के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने ईदगाहों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्हाेंने हाल ही में दो अलग-अलग गांवों मेें अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने को लेकर पैनी निगाह रखने का कहा। वहीं एसपी ने गंदे जानवरों पर ईद के दौरान पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने की हिदायत दी। परियर मार्ग स्थित शराब ठेके को बंद रखने की मांग पर बंदी रखने के आदेश दिए। इसके उपरांत उन्होंने कहा कि त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाएं। ईदगाहों से लेकर मार्गों तक पुलिस फोर्स के गश्त के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हसनगंज गए। जहां एसपी थाने पहुंचकर नमाज अदा करने वाले स्थल की जानकारी ली। साथ ही नगर पंचायत मोहान के ईदगाह स्थल का निरीक्षण किया।
इनसेट........
शहर में तीन घंटे नो-इंट्री
उन्नाव। ईद की नमाज के दौरान शहर में तीन घंटे के लिए नो-इंट्री रहेगी। सीओ सिटी मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि सुबह 7 से 10 बजे तक शहर में मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से आने वाले वाहनों को आईबीपी चौराहा के आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इसी तरह कानपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश बंद रहेगा। छोटे वाहनों को गांधीनगर तिराहा से छोटा चौराहा से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
.............................