उन्नाव। सड़क हादसों में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि महिला समेत चार लोग घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लगलेसरा गांव निवासी रामजीवन (40) निर्माणाधीन स्कूल में मजदूर था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार को ठेकेदार ने ने रामजीवन और लिलौरी गांव निवासी मजदूर गोले को काली मिट्टी चौराहा के पास स्थित ढाबे से खाना लाने भेजा। खाना लेकर लौटते समय काली मिट्टी के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल रामजीवन व गोले को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान रामजीवन की मौत हो गई। गोले को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र में सरोसी मार्ग पर दो बाइक की भिड़ंत होने से सरोसी गांव निवासी नसीम बानो (36) पत्नी मो. अनीस गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चाल रहे उसके ससुर हामिद को हल्की चोटें आईं। नसीम बानो का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चकलवंशी-सरोसी मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। अजगैन थानाक्षेत्र के केसरीखेड़ा गांव निवासी महेंद्र (18) अपने दोस्त दिलीप के साथ बहन के यहां आसीवन थानाक्षेत्र के लगलेसरा गांव जा रहा था। ऐरा भदियार गांव के पास हादसा होने से दोनों घायल हो गए।
उन्नाव-पुरवा मार्ग पर जानवर को बचाने के प्रयास में रायबरेली के हरचंदपुर निवासी रामबहादुर (45) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के मुताबिक वह पुरवा के त्रिपुरारपुर गांव में रहने वाली अपनी बहन के यहां जा रहा था।