उन्नाव। ईवीएम की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। दही चौकी स्थित एफसीआई गोदाम के दो कोठार में बनाए गए स्ट्रांगरूम की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले की गई है। स्ट्रांगरूम के बाहर सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं।
लोकसभा आम चुनाव और सदर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के बाद लोकसभा की 2197 ईवीएम और विधानसभा की 394 ईवीएम को स्ट्रांगरूम में रखी गई हैं। पोलिंग सेंटर के अनुसार गिनती करने और उन्हें सुरक्षित करने का काम गुरुवार सुबह छह बजे तक चला। इस दौरान डीएम विजय किरन आनंद और एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव व एएसपी रामकिशुन यादव पूरे समय मौजूद रहे। ईवीएम की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के 35 जवान लगाए गए हैं। आधुनिक हथियारों से लैस यह जवान दो शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे। इसके अलावा एक सीओ, तीन इंस्पेक्टर और 35 कांस्टेबल सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहेंगे। स्ट्रांगरूम और गोदाम परिसर की सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना इजाजत प्रवेश की अनुमति नहीं है। एसपी ने बताया कि वह स्वयं भी समय-समय पर मतगणना स्थल का निरीक्षण करेंगे इसके अलावा एएसपी दिन व रात में दो बार निरीक्षण करेंगे।