सफीपुर (उन्नाव)। मायके में रह रही पत्नी को लेने गए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में गांव के बाहर फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
फतेहपुर चौरासी के सरांय में रहने वाला दिनेश (25) पुत्र मुंशीलाल रविवार शाम अपनी पत्नी नन्हक्की को लेने घर से निकला था। नन्हक्की पिछले दो माह से अपने मायके गदनाखेड़ा सफीपुर कोतवाली में रह रही थी। सोमवार शाम तक दिनेश वापस घर नहीं पहुंचा तो पिता मुंशीलाल ने इसकी जानकारी की तो पता चला कि दिनेश ससुराल पहुंचा ही नहीं। मंगलवार सुबह बेटे की ससुराल गदनाखेड़ा पहुंचे पिता मुंशीलाल को उसका शव गांव के बाहर ही फंदे से लटकता मिला। इसकी सूचना फौरन ससुरालीजनों और पुलिस को दी गई। दिनेश के पिता ने बताया कि उसका बेटा पत्नी को लेने ससुराल गया था, जहां पत्नी के न आने पर उसने गांव के बाहर फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं उसकी पत्नी नन्हक्की का कहना था कि वह घर पहुंचा ही नहीं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।