उन्नाव। शहर के मोहल्ला पहलीखेड़ा में शराती तत्वों ने एक गरीब मजदूर के घर में आग लगा दी। पीड़ित का आरोप है कि घर पर कब्जा करने के इरादे से पड़ोस में रहने वाला एक परिवार उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा है। पीड़ित ने गुरुवार को एसपी से गुहार लगाई। एसपी ने तफ्तीश कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने व कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बुधवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने मोहल्ला पहली खेड़ा निवासी संतू के घर के छप्पर में आग लगा दी। आग में उसकी पूरी गृहस्थी राख हो गई। पीड़ित संतू का आरोप है कि वह आग बुझाने के लिए छत पर चढ़ा तो पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों को भागते हुए देखा। उसके मुताबिक आग लगाने वाले युवकों की छत उसकी छत से जुड़ी हुई है। पीड़ित ने किला पुलिस चौकी में शिकायत की मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। दोपहर बाद वह अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण संस्थान के जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे संतू ने एसपी जे रविंदर गौड़ को आपबीती बताई। उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उसे प्रताड़ित कर घर से भगाना चाहते हैं। आरोप है कि वह उसके घर पर कब्जा करने की फिराक में हैं। उसने एसपी को बताया कि करीब तीन महीने पहले वह अपनी ही जमीन पर सीवर टैंक बनवा रहा था तो लोगों ने उसमें अड़ंगा डालकर काम रुकवा दिया था। हालांकि बाद में उसने टैंक बनवा लिया। एसपी ने घटना की तफ्तीश करा रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है।