उन्नाव। यह पहला मौका है जब उन्नाव बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव कार्यकाल के दौरान नियत समय पर कराए जा रहे हैं जबकि माडल बाइलाज में एक वर्ष व्यतीत होने के बाद भी विशेष परिस्थितियों में एक माह का कार्यकाल एल्डर कमेटी की अनुमति से बढ़ाने का प्रावधान है किंतु वर्तमान अध्यक्ष व कार्यकारिणी ने इस परंपरा को अनुचित मानते हुए समय से चुनाव कराने का निर्णय किया है।
यह बात बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला ने बार सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि मृतक आश्रित की राशि 20 हजार रुपए के स्थान पर 50 हजार रुपए की गई और मृतक आश्रितों का भुगतान भी बार एसोसिएशन द्वारा किया जा चुका है। वर्तमान कार्यकारिणी ने 60 हजार रुपए आय बढ़ाने का कार्य किया है। कर्मचारियों की अप्रत्याशित वेतन वृद्धि में तृतीय श्रेणी में 800 तथा चतुर्थ श्रेणी में 750 रुपए प्रतिमाह कर राहत देने का कार्य किया गया। नववर्ष पर काव्य समारोह का आयोजन कर नई स्वस्थ परंपरा की शुरुआत की गई। साथ ही बार की गरिमा गिराने का प्रयास करने वाले अनुशासनहीन सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा बनवाए जा रहे वर्तमान टीन शेड चेंबर पूर्व की अपेक्षा मानकपरक तथा वृहद स्थान वाले चेंबरों का निर्माण चल रहा है। आवश्यक खर्च छोड़कर यह कार्य कराया जा रहा है।
श्री शुक्ला ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से यह घोषणा की गई 28 फरवरी को नियत तिथि पर चुनाव कराया जाएगा। श्री शुक्ल ने कहा कि कार्यकारिणी के इस निर्णय से अन्य तहसीलों के अधिवक्ता सीख लें तथा नियत समय पर कार्यक्रम संपन्न कराएं। वार्ता में मंत्री हृदय प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शीतला देवी, संयुक्त मंत्री शैलेष शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।