उन्नाव। सोमवार की सुबह एक्सल टूटने से सोनिक क्रासिंग के बीचोंबीच ट्रैक्टर ट्राली समेत फंस गया। इसके चलते ट्राली भी पलट गई जिससे उसमें लदा ईंट पलट गया। क्रासिंग के बीच में ट्राली फंसने से फाटक बंद नहीं हो पाया। यह देख गेटमैन के हाथपांव फूल गए। उसने मामले की सूचना कंट्रोल रूम व रेलवे पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही अप व डाउन ट्रैक पर आ रही ट्रेनों को आउटरों पर रोक दिया गया। तीन ट्रेनें फंसी रहीं। सूचना पर रेलवे पुलिस पहुंची और किसी तरह से ट्रक के जरिए ट्रैक्टर को पीछे कराया। करीब एक घंटे बाद ट्रैक क्लियर हो पाया जिसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे ईंटा लदी ट्राली समेत ट्रैक्टर शहजादपुर की ओर जा रहा था। सोनिक रेलवे क्रासिंग पर पहुंचते ही उसका एक्सल टूट गया जिससे ट्राली एक ओर पलट गई। ईंट ट्रैक पर फैल गई। इसी बीच लखनऊ की ओर जा रही 64206 एलकेएम के आने की सूचना मिलते ही जब गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया तो देखा तो क्रासिंग के बीच में ट्रैक्टर फंसा था। उसने तुरंत कंट्रोल रूम व आरपीएफ को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एलकेएम को सोनिक स्टेशन पर रोका गया। वहीं इसके पीछे आ रही 12542 लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस को आउटर पर खड़ी कर दिया गया। कानपुर की ओर जा रही अप बाराबंकी स्पेशल को भी आउटर पर रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ स्टाफ ने ट्रैक्टर को हटाने का प्रयास शुरु किया। पहले ईंट को ग्रामीणों की मदद से फाटक के बाहर रखवाया गया। इसके बाद ट्रक में फंसाकर ट्रैक्टर को पीछे किया गया। इसमें करीब एक घंटे से अधिक का समय लग गया। ट्रैक क्लियर होने पर ट्रेनों को आगे की ओर रवाना किया जा सका। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजय गुप्ता ने कहा कि ट्रैक्टर की मरम्मत के बाद उसे थाने लाया जाएगा। ट्रैक्टर मालिक का पता लगाया जा रहा है। चालक को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।