फतेहपुर चौरासी/उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में एक युवक ने किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म किया और राज खुलने के डर से गला घोटकर मार डाला। शक होने पर किशोरी की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने जुर्म कबूल लिया। हत्यारे की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से शव बरामद किया है।
थाना क्षेत्र के सेलापुर गांव निवासी स्व. राजाराम लोधी की पुत्री पुष्पा सोमवार शाम को कालीमिट्टी चौराहा की बाजार में सब्जी बेचने गई थी। वहां उसके साथ ही गांव का हरिलाल भी सब्जी बेंच रहा था। सब्जी बेचने के बाद हरिलाल पुष्पा को फुसलाकर अपने साथ ले गया। देर रात तक पुष्पा घर नहीं पहुंची तो मां कुसमा, भाई मिश्रीलाल तथा अन्य परिजनों ने तलाश शुरू की। कहीं पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। गांव के ही एक बच्चे ने परिजनों को पुष्पा को हरिलाल के साथ लौटते देखने की जानकारी दी। तब मां कुसमा ने मंगलवार शाम को हरिलाल के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बुधवार दोपहर एसआई टीपी सिंह ने काली मिट्टी रेलवे क्रासिंग के पास हरिलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिसिया पूछताछ में हरिलाल ने अपनी करनी बयान कर दी। बताया कि उसने पुष्पा के साथ दुष्कर्म किया बाद में राज खुलने के डर से उसका गला घोट दिया। हत्यारे की निशानदेही पर पुलिस ने गांव से कुछ दूर रामबली के खेत से छिपाया गया पुष्पा का खून से लथपथ निर्वस्त्र शव बरामद किया। थानाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
शक न हो इसलिए खुद भी खोजता रहा
किसी को शक न हो इसलिए हत्यारोपी परिजनों और ग्रामीणों के साथ खुद भी पुष्पा की तलाश कराता रहा। बाद में जब गांव के ही एक बच्चे ने राज खोला तो हरिलाल लोगों के सामने आने से बचने लगा। बुधवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ।
छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी पुष्पा
पुष्पा के पिता राजाराम लोधी की करीब दस साल पहले मौत हो गई। उसकी मां कुसुमा और बड़ा भाई मिश्रीलाल ही मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहे थे। छह भाई बहनों में पुष्पा सबसे छोटी थी।