उन्नाव। क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस ने किराएदारों का चिन्हांकन शुरू किया है। मंगलवार को सीओ सिटी दलबल के साथ कांशीराम कालोनी पहुंचीं तो हड़कंप मच गया। सैकड़ों लोग घरों में ताला लगाकर भाग निकले। पहले दिन ढाई सैकड़ा घरों की चेकिंग की गई।
अपराधों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए सीओ सिटी नेहा पांडेय ने किराएदारों, घरेलू तथा दुकानों पर काम करने वाले नौकरों का ब्योरा दर्ज करने की शुरुआत की है। मंगलवार को वह कोतवाली प्रभारी कृपाशंकर सरोज, महिला थाना प्रभारी कमर सुल्ताना तथा पुलिस बल के साथ कांशीराम कालोनी पहुंची तो हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी और महिला एसओ ने घर-घर जाकर वहां रहने वाले लोगों के पहचान पत्र और आवास आवंटन प्रपत्र चेक किए। पुलिस को सत्यापन करते देख किराए पर रह रहे लोग घरों में ताला लगा भाग निकले। पुलिस ने करीब ढाई सैकड़ा मकान चेक किए जिनमें लगभग सौ घरों में ताला लटकता मिला। सीओ सिटी नेहा पांडेय ने बताया कि सूचना मिली थी कि कालोनी में ज्यादातर लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवंटियों का सत्यापन करने के लिए यह अभियान चलाया गया। आने वाले दिनों में सिटी मजिस्ट्रेट और भारी फोर्स के साथ मिलकर कालोनी की चेकिंग की जाएगी। कोतवाली प्रभारी ने माना कि जिस तरह लोग घरों में ताला बंद करके भागे हैं उससे अनुमान है कि ज्यादातर लोग अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस तरह चलेगा अभियान
- किराएदारों, नौकरों तथा दुकानों और घरेलू नौकरों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
- एक फार्म में मकान मालिकों और दुकान स्वामियों से एक फार्म भरना होगा।
- फार्म में मालिक का फोटो, व्यवसाय, पता, फोन नंबर दर्ज होगा।
- किराएदार का नाम-पता उम्र, पूर्व निवास और मूल निवास दर्ज किया जाएगा।
- घरेलू और दुकानों पर काम करने वाले नौकरों का भी फार्म भरा जाएगा।
- नौकरों का फोटो, नाम पता, भाषा ज्ञान, स्थाई पता, पहचान पत्र देना होगा
- काम करने की अवधि, कार्य दक्षता, शारीरिक बनावट, अंगूठा निशानी भी दर्ज होगी
- दूसरे चरण में किराएदारों व नौकरों का बायोमैट्रिक कार्ड भी बनेगा।