उन्नाव। पूूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भारत सरकार के निर्णय के विरोध में एफडीआई को लेकर हल्ला बोल प्रदर्शन में मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पूरे जिले से लगभग सात सौ व्यापारी लखनऊ पहुंचे।
शहर के एक गेस्ट हाउस के सामने से लगभग आधा सैकड़ा वाहनों व बस से व्यापारियों ने लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। लखनऊ जाने से पहले व्यापारियों ने एफडीआई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ में झूलेलाल वाटिका गोमती घाट पर लगभग दस हजार व्यापारियों ने हिस्सा लिया। बताया कि अगले चरण में इलाहाबाद व गाजियाबाद में व्यापारी प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के आखिरी चरण में दिल्ली के जंतर मंतर में धरना प्रदर्शन होगा जिसमें लाखों व्यापारी शामिल हाेंगे। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिले के बांगरमऊ, हैदराबाद, गंजमुरादाबाद, शुक्लागंज, बड़ौरा, जमुका, हुसैन नगर, मौरावां, पुरवा, मियागंज, नवाबगंज, दहीचौकी, सिकंदरपुर व सरोसी आदि कस्बों के भी व्यापारी उपस्थित रहे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से इश्तियाक गौरी, शैलेंद्र गुप्ता, अजीत पाल, महेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, रत्नेश गुप्ता, प्रफुल्ल गुप्ता, तनु गुप्ता, अनिल चौरसिया सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।