उन्नाव। भैयादूज पर मुख्यमंत्री की ओर से मिली ‘वूमन पावर हेल्प लाइन’ को शहर की महिलाएं तोहफा बता रही हैं। हालांकि उन्हें इस बात का भी डर है कि इसका भी हश्र अन्य हेल्प लाइनों जैसा न हो।
सीएम की ओर से गुरुवार को शुरू की गई ‘वूमन पावर हेल्प लाइन’ के पहले ही दिन से इसे लेकर प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी हैं। शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस निवासी आरती गुप्ता ने इस हेल्प लाइन पर खुशी जताई। बताया कि वैसे तो महिला सुरक्षा को लेकर उठाया गया यह सार्थक कदम है बशर्ते लोग इसकी उपयोगिता समझें और पुलिस महकमा शिकायतों के निस्तारण में दिलचस्पी ले। एबी नगर निवासी अंजू तिवारी ने बताया कि पहले दिन हेल्पलाइन का रिस्पांस काफी खराब रहा। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1090 पर काल की मगर हर बार फोन व्यस्त जाता रहा। उन्होंने बताया कि देर शाम को आपरेटर ने रिस्पांस दिया और शिकायत दर्ज की। मोहल्ला मोतीनगर निवासी शकुंतला ने बताया कि छेड़छाड़ की घटनाओं से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। उनका मानना है कि अगर यह हेल्पलाइन सुचारु रूप से काम करती रही और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाती है तो निश्चित तौर पर महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी। गांधीनगर की मनीषा, रुपाली, कलक्टरगंज की दिव्यांशी, लोकनगर की सोनी सिंह, दरोगाबाग की शीतल मिश्रा ने भी प्रदेश सरकार की इस पहल का स्वागत किया।