उन्नाव। खेल निदेशालय उ.प्र. लखनऊ के तत्वावधान में इस वर्ष भी भारत रत्न स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की स्मृति में खेल विभाग उ.प्र. एवं जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्रीय खेल कार्यालय इलाहाबाद के तत्वावधान में 28 वीं अखिल भारतीय प्राइज मनी इंदिरा मैराथन पुरुष एवं महिला वर्ग का आयोजन 19 नवंबर को किया जा रहा है। जिला क्रीड़ाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए मैराथन के लिए कुल दूरी 42.195 किलोमीटर होगी। मैराथन का शुभारंभ आनंद भवन से होकर मदनमोहन मालवीय स्टेडियम कंपनी बाग इलाहाबाद में समापन होगा। मैराथन की प्रविष्टि नि:शुल्क है जो 17 नवंबर तक दी जा सकती है। प्रथम पुरस्कार एक लाख एक हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार पचास हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार बीस हजार रुपए होगा। अन्य में पांच-पांच हजार रुपए के ग्यारह पुरस्कार दिए जाएंगे।