उन्नाव। पुरवा-मौरावां होते हुए लखनऊ जाने वाले लोगों का सफर जल्द ही आरामदेह और तेज रफ्तार होने वाला है। शासन ने उन्नाव-मौरावां-मोहनलालगंज के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 28 करोड़ रुपया जारी किया है। हालांकि शासन ने 31 दिसंबर तक सड़क निर्माण पूर्ण किए जाने के आदेश दिए हैं लेकिन अधिकारी मार्च तक पूर्ण होने की बात बता रहे हैं।
जिले के पुरवा-मौरावां कस्बों को मुख्यालय से जोड़ने वाले मोहनलालगंज-मौरावां-उन्नाव मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग-52) पर लगातार बढ़ रहे यातायात के मद्देनजर शासन ने दो चरणों में इसके चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की योजना तैयार की थी। मोहनलालगंज से दही चौकी तिराहे तक करीब 70 किलोमीटर लंबी यह सड़क मात्र साढ़े तीन मीटर चौड़ी थी। 31 अक्टूबर 2011 में शासन ने इस मार्ग को किलोमीटर 55 से किलोमीटर 70 (200) तक सात मीटर चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराने के लिए 27 करोड़ 78 लाख 86 हजार रुपया स्वीकृत किया था। काम शुरू करने के लिए शासन ने तब 2 करोड़ 77 लाख 88 हजार रुपया भी जारी किया था। इस मद में 22 अगस्त 2012 को 5 करोड़ रुपया और जारी किया गया है। धनराशि मिलने के साथ ही इस मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड सूत्रों के मुताबिक दही चौकी तिराहे से तौरा गांव के आगे तक मार्ग को 7 मीटर चौड़ा किया जाना है कार्य शुरू किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के एई जाटव ने बताया कि वित्तीय वर्ष के अंत तक मार्ग पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा।