उन्नाव। यूनिवर्सिटी परीक्षाएं मंगलवार (आज) से शुरू हो जाएंगी। कालेज प्रशासन दिनभर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे सही कराने के साथ ही अनुपयोगी खिड़कियों व दरवाजे बंद कराए गए। नोडल केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं रखने के लिए बनाए गए कोठारों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। छत्रपति शाहूजी महाराज कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षा हिंदी साहित्य विषय के साथ शुरू हो जाएगी। सीसीटीवी कैमरे अपडेट करने के साथ ही नकल की संभावना को रोकने के लिए अनुपयोगी खिड़की व दरवाजे बंद कराए गए। इसके अलावा कालेज स्टाफ के साथ बैठक कर परीक्षा नकल विहीन संपन्न कराने पर प्राचार्यों ने मंथन कर शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई। परीक्षार्थियों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ही यूनिवर्सिटी स्क्वाएड का सघन पहरा रहेगा। जनपद के 83 कालेजों में पढ़ने वाले परीक्षार्थियों के लिए 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 42 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। वहीं शहर के डीएसएन कालेज, श्रीनारायण गर्ल्स कालेज, राजकीय महाविद्यालय बक्खाखेड़ा व बांगरमऊ के इंदिरा गांधी राजकीय स्नाकोत्तर कालेज को नोडल केंद्र बनाया गया है।
डीएसएन कालेज नोडल केंद्र प्रभारी डा. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि वॉयस रिकार्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। परीक्षा में नकल नहीं होने दी जाएगी। बताया परीक्षा कक्षों के साथ ही कोठार भी सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा।
बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कानपुर विश्वविद्यालय परीक्षा में नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक वीके पांडेय ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में महिला व पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। विवाद या बवाल की आशंका के मद्देनजर पीएसी और क्यूआरटी के साथ ही संबंधित थाना पुलिस को अलर्ट किया गया है।
विश्वविद्यालय सूत्रों की मानें तो परीक्षा में नकल रोकने के लिए यूनिवर्सिटी ने 18 से अधिक उड़न दस्ते गठित किए हैं। जिले में भी कई उड़नदस्तों को लगाया गया है। जो परीक्षा के दौरान लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर नकलचियों की धरपकड़ को सक्रिय रहेंगे।