नवाबगंज के आशाखेड़ा स्थित जेपी कान्वेंट स्कूल क्वारंटीन सेंटर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने क?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिले की दो तहसीलों के छह गांवों में 9 कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह सभी दिल्ली से कुछ दिन पहले वापस लौटे थे। इसमें हसनगंज तहसील के ब्लॉक नवाबगंज के पांच गांवों में पिता-पुत्री व दंपति सहित दो प्रवासी युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, बांगरमऊ के मोहल्ला मस्तूटोला निवासी छह साल का बच्चा भी संक्रमित मिला है। इसमें बच्चा व सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट 2 मरीजों को बिछिया कोविड एलवन व 6 संक्रमितों को एंबुलेंस से औरास सीएचसी में बने कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हसनगंज तहसील क्षेत्र के गांव आशाखेड़ा निवासी 30 वर्षीय युवक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। 14 जून को वह 25 वर्षीय पत्नी के साथ ट्रेेन से उन्नाव आया था। वहीं, दरियापुर गांव निवासी 32 वर्षीय पिता व 12 साल का पुत्र, छतईखेड़ा गांव के दो लोग, रानीपुर में 1 व पकरिगवां गांव में 1 युवक कोरोना संक्रमित मिला है। यह सभी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। तीन दिन पहले सभी ट्रेन से दिल्ली से लौटे थे। इनमें 6 को जेपी कांन्वेंट स्कूल क्वारंटीन किया गया था। वहीं, दो युवक सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट थे। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। गुरुवार को आई रिपोर्ट में सभी संक्रमित मिले हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि छह साल के बच्चे सहित सभी 9 कोरोना संक्रमितों में 6 संक्रमितों को औरास कोविड और 3 को बिछिया के कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके संपर्क में आने वालों को चिह्ति कर आइसोलेट कराया जा रहा है।
बांगरमऊ के मस्तूटोला निवासी 6 साल का बच्चा संक्रमित मिला है। जबकि उसके माता-पिता की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पिता ने बताया कि वह दिल्ली के पोस्ट ऑफिस में संविदा कर्मचारी हैं। 1 जून को वह ट्रेन से हरदोई पहुंचे थे। वहां से बस से बांगरमऊ आए। यहां आरडीएस स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट लखनऊ के बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट भेजी गई थी। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्चे को कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बच्चे के माता-पिता का दूसरा सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। सोमवार को बच्चे की ट्रूनैट मशीन से जांच हुई थी। उसमें पॉजिटिव आने के बाद ही उसका दूसरा सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।
जिले में कुल संक्रमित हुए 116
जिले में अब तक 116 संक्रमित मिल चुके हैं। जिसमें स्वस्थ होने पर 49 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जबकि 64 का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमितों में 3 की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमितों में 60 प्रवासी शामिल हैं।