बोनस न मिलने पर कर्मचारियों का हंगामा
उन्नाव। शहर के उन्नाव डिस्टलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड के कर्मचारियों ने शुक्रवार रात बोनस की मांग को लेकर हंगामा किया। फैक्ट्री की ओर से दीपावली पर बोनस न मिलने से नाराज कर्मियों ने नारेबाजी की। हंगामे के दौरान फैक्ट्री के अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। कर्मचारी बोनस मिलने के आश्वासन के बिना फैक्ट्री गेट से हटने को तैयार नहीं थे।
प्रदूषण विभाग की कार्रवाई में उन्नाव डिस्टलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड पर ताला लगवा दिया गया था। फैक्ट्री में अब प्रोडक्शन नहीं हो रहा है। फैक्ट्री में काम करने वाले लगभग 200 कर्मियों ने शुक्रवार रात फैक्ट्री गेट पर पहुंचकर दीपावली पर्व पर बोनस की मांग शुरू कर दी। इन्होंने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
कर्मचारियों का कहना था कि फैक्ट्री प्रबंधतंत्र की ओर से उन्हें बोनस देने से इनकार कर दिया गया है। बोनस न मिलने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। उधर कर्मचारियों की मांग पर फैक्ट्री के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल बंद मिला।
- उन्नाव डिस्टलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड के कर्मियों ने फैक्ट्री गेट पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो