उन्नाव। कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं पर भी सरकार के तेवर सख्त हैं। फ्लाइंग स्क्वॉड के अलावा केंद्रों पर एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) का पहरा लगाया है। एलआईयू (लोकल इंटेलीजेंस यूनिट) को भी अलर्ट किया गया है।
छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से पुलिस के कड़े पहरे में शुरू हो गई हैं। परीक्षा में सरकार की सघन मानीटरिंग होने से विश्वविद्यालय अफसर अलर्ट हैं। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी के साथ ही एसटीएफ को सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। कक्ष निरीक्षक के पास मोबाइल फोन व किसी भी तरह के इलेक्ट्रानिक संयंत्र मिलने पर एफआईआर की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा केंद्र प्रभारी सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के साथ ही प्रत्येक पाली की परीक्षा के बाद वीडियो रिकॉर्डिंग फुटेज ई-मेल से कुलसचिव कार्यालय भेजेेंगे। परीक्षा में एसटीएफ के पहरे की जानकारी से कालेज प्रबंधकों में अफरा तफरी का माहौल बना है। डीएसएन कालेज नोडल केंद्र प्रभारी डा. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि वायस रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई है। कुलसचिव के निर्देश मिले हैं। उनका हर स्तर पर पालन किया जाएगा। कुलसचिव ने एसपी व एलआईयू विभाग को पत्र जारी कर परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की बात कही है।
फ्लाइंग स्क्वॉड का जिले में रहेगा डेरा
विश्वविद्यालय परीक्षा में नकल के खेल से शायद ही कोई अंजान हो। कालेज प्रबंधक छात्रों को हर स्तर की सुविधा मुहैय्या कराते हैं। पूर्व की परीक्षाओं में नकल के खेल की पोल भी ‘अमर उजाला’ खोल चुका है। सूत्रों की मानें तो जिले में तीन उड़न दस्ते परीक्षा पर पैनी नजर रखेंगे। जिसकी भनक कालेज प्रबंधकों में होने से हड़कंप मचा है। वहीं कुछ प्रबंधक सीसीटीवी कैमरे, एलआईयू व उड़न दस्तों का तोड़ निकालने को सक्रिय हो गए हैं।
- एसपी व एलआईयू विभाग को कुलसचिव ने सुरक्षा संबंधी लिखा पत्र