उन्नाव। शहर में जगह-जगह सड़क किनारे जमा मौरंग, गिट्टी, बालू व डस्ट के ढेर आवागमन बाधित होने के अलावा हादसों का कारण बन रहे हैं। जिला प्रशासन की सख्ती न होने से ट्रेडर्स दुकानदारों की मनमानी राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
शहर के हिरननगर से गदनखेड़ा बाईपास चौराहा, आवास विकास कालोनी, कब्बाखेड़ा रोड, पूरननगर, उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर कई जगह ट्रेडर्स दुकानदारों ने सड़क किनारे अनाधिकृत तरीके से मौरंग, गिट्टी, बालू व डस्ट के ढेर लगा रखे हैं। मंगलवार पीडीनगर नगर मोड़ के पास जमा मौरंग ढेर के मलबे में फिसलकर पीडी नगर सेक्टर ए निवासी कार्तिक घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजनों ने ट्रेडर्स दुकानदार से विरोध किया तो दुकान मालिक विवाद पर उतर आए। लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामपूजन श्रीवास्तव ने बताया कि जिन दुकानदारों ने सड़क पर निर्माण सामग्री फैला रखी है। उन्हें नोटिस भेजी जाएगी। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
-हिरननगर से गदनखेड़ा बाईपास तक जमा हैं निर्माण सामग्री के ढेर
-नपा क्षेत्र में ट्रेडर्स दुकानदारों की मनमानी बन रही हादसों का कारण