फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिक्त पंचायत सीटों के उपचुनाव में 62 फीसदी वोटिंग

Mon, 22 Feb 2016 12:39 AM IST
अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य की रिक्त सीटों पर 62 फीसदी मतदान हुआ। ग्राम पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों पर भाग्य आजमा रहे 329 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। इनकी किस्मत का फैसला अब 23 फरवरी को मतगणना के दौरान होगा। चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा पुरवा में 23, सफीपुर में 22 और फतेहपुर चौरासी में 21 पंचायत सदस्यों की सीटें खाली हैं। कुल 13 ब्लाकों में खाली पड़े 161 ग्राम पंचायत सदस्य सीटों पर 322 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की तीन सीटों पर सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
विज्ञापन

161 ग्राम पंचायत सदस्यों तीन क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) के रिक्त पदों पर हुए उपचुनाव में रविवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। वोटिंग के दौरान प्रत्याशी समर्थकों को पुलिस ने बूथ से 100 मीटर दूर ही रोक दिया गया था। कुछ बूथों पर तो सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रही जबकि कुछ पर पुलिसकर्मी आराम फरमाते रहे। शाम पांच बजे तक मतदान चला। पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ बूथों पर जायजा लेते रहे। जैसे ही वोटिंग के लिए निर्धारित समय बीता वैसे ही पीठासीन अधिकारी ने बूथों पर वोटरों की इंट्री रोक दी। इसके बाद मतपेटियों को सील किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत/निकाय) डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि चुनाव में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय सूचना नहीं है। उपचुनाव में करीब 62 फीसदी वोटिंग हुई है। मतगणना 23 फरवरी सुबह आठ बजे से होगी।

इंसेट-1
सूरज चढ़ने के साथ ही बढ़ा वोटिंग प्रतिशत
रविवार को संपन्न हुए उपचुनाव में शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। सुबह 9 बजे मिले आंकड़ों में वोटिंग का प्रतिशत मात्र 18 ही बताया गया। इसके बाद जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया वैसे-वैसे वोटर घरों से निकलते रहे। सुबह 11 बजे वोटिंग प्रतिशत बढ़कर 35, दोपहर 1 बजे 45 और तीन बजे 57 पर पहुंच गया। आखिर में प्रतिशत की सुई 62 प्रतिशत पर रुक गई। इस दौरान कुछ बूथों पर महिला वोटरों की भीड़ नजर आई। महिलाओं ने घर के कामकाज जल्दी निपटाकर बूथों का रुख किया। यहां पर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए महिलाओं ने लाइन में खड़े रहने से भी गुरेज नहीं किया। विकलांग भी अपनी ट्राइसाइकिल से वोट डालने पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें