उन्नाव। धवन रोड पर सोमवार को नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। धवन रोड पर नाले पर बने पक्के निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया गया। अवैध निर्माण को गिराने के साथ ही मलबा भी हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों व कर्मचारियों में तीखे झड़पें भी हुई। वहीं, सदर विधायक ने ईओ के साथ दुकानदारों से नाले के पीछे दुकान लगाने की अपील की।
नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान चार दिन से बंद पड़ा था। सोमवार सुबह 11 बजे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आरपी श्रीवास्तव तीन जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली व सफाई वाहन के साथ धवन रोड पहुंचे। इसके बाद नाले पर काबिज दुकानदारों का सामान हटाने की चेतावनी देने के साथ ही अस्थाई निर्माण को जेसीबी से तोड़ना शुरू कर दिया। कई दुकानदारों ने विरोध कर कार्रवाई को गलत करार दिया। इस पर ईओ ने कुछ कागज दिखाए तो दुकानदार व भवन मालिक बैक फुट पर आ गए।
शाम तीन बजे तक चले अतिक्रमण अभियान के दौरान 12 से अधिक स्थानों पर नाले पर बने अवैध हिस्से को तोड़ा गया। वहीं नाले की सफाई भी कराई गई। व्यापारियों की शिकायत पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे। विधायक ने ईओ के साथ धवन रोड का निरीक्षण कर टूटी नालियों व जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके अलावा दुकानदारों से चिंह्ति दायरे में रहने के साथ ही अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों को बेहतर सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया। ईओ ने बताया कि नाले पर काबिज अस्थाई निर्माण को गिराया गया है। दुकानदारों को नाले के पीछे रहने की चेतावनी दी गई है। बताया कि एक दो दिन में सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की मौजूदगी में बड़े स्तर पर अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा।