पांच खंडों में बंटी जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था
उन्नाव। आम जनता को सहूलियतें देने के लिए शासन ने जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था को पांच खंडों में बांट दिया है। इसके तहत जनपद में तीन नए विद्युत वितरण खंड (ईडीडी) कार्यालय खोलने की कवायद शुरू कर दी गई है। नए कार्यालयों में अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) समेत अन्य स्टाफ भी तैनात किया जाएगा। फिलहाल दो नए कार्यालयों में एक्सईएन की तैनाती कर दी गई है। एक अन्य में भी जल्द ही नए एक्सईएन को भेजा जा सकता है।
मौजूदा समय में जनपद में दो विद्युत वितरण खंडों के जरिए आपूर्ति व विद्युत संबंधी समस्याएं सुनी जाती हैं। इसमें विद्युत वितरण खंड प्रथम का कार्यालय शहर के पीडीनगर और द्वितीय का गोकुलबाबा मंदिर मगरवारा में है। प्रथम खंड में शहर, पुरवा, बीघापुर, बिछिया, भगवंतनगर, मौरावां, हिलौली और द्वितीय में शुक्लागंज, सफीपुर, बांगरमऊ, औरास, गंजमुरादाबाद, हसनगंज, नवाबगंज, अचलगंज कस्बे आते हैं। जानकारों के मुताबिक वर्तमान समय में गंजमुरादाबाद और हसनगंज के उपभोक्ताओं की समस्या का निस्तारण क्षेत्रीय कार्यालय में नहीं हो पाता है। इन्हें उच्चाधिकारी से मिलने के लिए मगरवारा की दौड़ लगानी पड़ती है।
ऐसे में इन्हें समय के साथ-साथ पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। इन्हीं समस्याओं पर ध्यान देते हुए प्रदेश सरकार ने बांगरमऊ, हसनगंज व पुरवा में तीन नए ईडीडी कार्यालय खोलने की अनुमति दी है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद बांगरमऊ व हसनगंज में पावर कारपोरेशन ने जयप्रकाश और अनिल कुमार चौधरी की नए एक्सईएन के रूप में तैनाती कर दी है। दोनों एक्सईएन को सहायक अभियंता पद से प्रमोशन मिला है। पुरवा में अभी किसी को नहीं भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही पुरवा में नए अधिशाषी अभियंता बैठने लगेंगे।
जिला मुख्यालय की दौड़भाग से निजात
नए एक्सईएन का कार्यालय संबंधित क्षेत्र में खोला जाएगा। वहां पर अधिशाषी अभियंता के अलावा संबंधित लिपिकों को भी नियुक्त किया जाएगा। एक्सईएन के कार्यक्षेत्र से संबंधित तहसील में आने वाले पावर हाउस (सबस्टेशन) होंगे। इन पावर हाउसों से जुड़े उपभोक्ताओं की समस्याएं यदि संबंधित उपकेंद्र के अधिकारी नहीं सुनेंगे तो लोग एक्सईएन से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। एक्सईएन कार्यालय में बिल जमा हो सकेंगे। साथ ही उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याएं कार्यालय पर आने से दूर हो सकेंगी।
तीन नए विद्युत वितरण खंड कार्यालय खुलेंगे
जिले में तीन नए विद्युत वितरण खंड कार्यालय खोले जाएंगे। बांगरमऊ व हसनगंज में नए एक्सईएन की तैनाती कर दी गई है। पुरवा में अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। नए ईडीडी कार्यालय खुलने से उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इन्हें उच्चाधिकारी से मिलने के लिए लंबी दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
एसके पाल, अधीक्षण अभियंता, उन्नाव।
- जनपद में खुलेंगे तीन नए विद्युत वितरण खंड कार्यालय
हसनगंज, पुरवा व बांगरमऊ में बैठेेंगे अधिशाषी अभियंता
अमर उजाला ब्यूरो