बांगरमऊ। बिल्हौर बाईपास मार्ग के पास यात्रियों से भरा तेज रफ्तार लोडर पलट गया। उसमें बैठे बीस लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, इनमें पांच को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोडर में सवार लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने नानामऊ गंगाघाट जा रहे थे।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव गौरियाकला निवासी सतीराम (70) की रविवार शाम मौत हो गई थी। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार नानामऊ घाट पर होना था। परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग कई वाहनों से गंगाघाट जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे यात्रियों से भरा एक लोडर बिल्हौर बाईपास मार्ग के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बीस लोग घायल हो गए। यात्रियों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग आनन-फानन पहुंचे और लोडर को सीधा कर घायलों को निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में मृतक के भतीजे दुर्विजय (25), गांव के फूलचंद्र (35), केशन (25), राजू (28), रमेश (30), धनीराम, रामचरण, कटघरा गांव निवासी रिश्तेदार लालाराम, शाहनगर के मिश्रीलाल, फतेहपुर चौरासी के मोहनलाल, बरौकी निवासी कल्लू, मछरीलाल व राम बाबू, मिट्ठूखेड़ा निवासी रिश्तेदार सुनील, बरौकी के ननकू और हरदोई निवासी रिश्तेदार प्यारेलाल को बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। जबकि गौरियाकला निवासी केशन, बरौकी के मोहनलाल, दुल्लापुर के सुनील, नन्हकू और हरदोई निवासी रिश्तेदार प्यारेलाल को अधिक चोट होने से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद भेज दिया गया। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि डाक्टरों से बात की गई है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है।