उन्नाव। जिले में दो डॉक्टर, औरास थाने में तैनात दरोगा, दो कलक्ट्रेट कर्मी सहित 48 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। संक्रमितों में 7 शुक्लागंज, औरास ब्लॉक क्षेत्र में 9 व अन्य तहसील क्षेत्रों के 32 संक्रमित शामिल हैं। इसमें 20 संक्रमितों को होम आइसोलेट व 28 मरीजों को बिछिया व श्रीराममूर्ति स्मारक कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में एंटीजन रैपिड किट से हुई जांच में डीएम कार्यालय में बने स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम में तैनात 2 डॉक्टर, 2 कंप्यूटर ऑपरेटर, जिला डाटा मैनेजर व 3 अन्य स्वास्थ्य कर्मी, कलक्ट्रेट में तैनात कर्मी, हसनगंज तहसील क्षेत्र में औरास नगर पंचायत की ईओ, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, थाने में तैनात दरोगा व उसके पत्नी सहित 7 लोग, मियागंज में 35 साल का युवक, 58 साल का अधेड़, हसनगंज ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी, हिलौली में 38 साल का युवक, नवाबगंज ब्लॉक के सोहरामऊ में 40 व 46 साल के दो युवक, अजगैन में 22 साल की युवती, 28 साल का युवक, कांशीराम कॉलोनी में 23 साल की युवती, 25, 32 व 40 साल के तीन युवक, बांगरमऊ में नगर के मोहल्ला नौनिहालगंज में 50 साल का अधेड़, 45 वर्षीय उसकी पत्नी, 20 वर्षीय बेटा व 12 साल की बेटी संक्रमित निकली हैं।
अचलगंज में 28, 29 व 32 साल के तीन युवक, जिला अस्पताल में हुई जांच में 3 युवक व 28 साल की युवती संक्रमित मिली है। वहीं, शुक्लागंज के अलग-अलग मोहल्लों के 7 लोग कोरोना संक्रमित आए हैं।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में 48 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें 20 लोगों को होम आइसेालेट किया गया है। वहीं, 28 संक्रमितों को बिछिया और श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में अब तक 1155 संक्रमित
जिले में अब तक 1155 संक्रमित मिल चुके हैं। स्वस्थ होने पर 320 को घर भेजा जा चुका है। 812 का इलाज चल रहा है। इसमें 23 की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 78 प्रवासी हैं।
तीन दिन में स्वास्थ्य विभाग के 8 लोग हो गए संक्रमित
सीएमओ कार्यालय में आठ लोग संक्रमित मिले हैं। वह सभी कोविड टीम में शामिल स्वास्थ्य कर्मी व कंप्यूटर डाटा ऑपरेटर हैं। यह सभी चार महीने से सीएमओ कार्यालय में काम कर रहे थे तब से यह सब निगेटिव थे। लेकिन तीन दिन पहले डीएम ने पूरी स्वास्थ्य टीम को डाटा इंट्री कराने और और अन्य कामों को पूरा कराने के लिए कंप्यूटर लेकर कलक्ट्रेट बुलवा लिया था। यहां काम करते समय सामाजिक दूरी का भी ध्यान नहीं दिया जा रहा था। जिसके चलते एक साथ 8 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित हो गए।
ईओ के संक्रमित निकलने के बाद पालिका को कराया गया सैनिटाइज
औरास नगर पंचायत में ईओ के संक्रमित मिलने के बाद कार्यालय को सैनिटाइज कराकर उसे 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। ईओ को औरास कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।