फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: छह घंटे में 34 एमएम बारिश, बिजली संकट और जलभराव से जूझे लोग

Sat, 21 Jun 2025 01:00 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। मानसून की पहली जोरदार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। छह घंटे में हुई 34 मिलीमीटर (एमएम) बारिश खेती के लिए अमृत साबित हुई। किसानों ने धान की रोपाई के लिए तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, बारिश शुरू होते ही जगह-जगह फाल्ट हुए, इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। फाल्टों को खोजने और मरम्मत करने में कई घंटे लगे। कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य होने में 18 से 20 घंटे लगे।
विज्ञापन

गुरुवार रात करीब 10 बजे तेज बारिश शुरू हुई। गरज चमक और तेज हवाओं के साथ रात दो बजे तक जोरदार बारिश होती रही। इससे जहां तापमान 39 डिग्री से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पारे में कमी से लोगों को गर्मी से राहत मिली।शुक्रवार सुबह 10 बजे तक मौसम इसी प्रकार का बना रहा। आसमान में बादल छाए रहे। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। धान की बेड लगाने में तेजी आ गई। उधर, बिजली से सबसे ज्यादा परेशान किया।
शहर के ही इब्राहिमबाग, पीडी नगर, सिटी पावर हाउस और कब्बाखेड़ा उपकेंद्र ब्रेक डाउन में चले गए। सोनिक से आई 33 केवी लाइन में फाल्ट से करीब तीन से चार घंटे तक इन उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों समेत लगभग पूरे शहर की बिजली गुल रही। ग्रामीण क्षेत्रों का हाल तो सबसे ज्यादा खराब रहा। अचलगंज, नवाबगंज, औरास, सफीपुर, असोहा, पुरवा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में कहीं तार टूटने और कहीं पेड़ की डाल बिजली लाइन पर गिरने से ठप हुई आपूर्ति 20 घंटे बाद सामान्य हो पाई। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून धीरे धीरे सक्रिय हो रहा है। अभी 24 जून तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। तापमान 40 डिग्री से नीचे बना रहेगा।
विज्ञापन


50 से अधिक गांवों की 18 घंटे गुल रही बिजली
अचलगंज। मवैया फीडर को आने वाली हाईटेंशन लाइन पर बीघापुर व सिकंदरपुर के बीच गुरुवार रात हुई गरज के साथ बारिश के दौरान बिजली गिरने से इंसुलेटर के साथ तार भी टूट कर गिर गए। इससे क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। रात को कर्मचारी फाल्ट नहीं खोज पाए। सुबह पता चलने पर मरम्मत कार्य चालू किया।लेकिन फाल्ट ठीक करने में करीब 18 घंटे लग गए। क्षेत्र के गांवों में बिजली व पानी की आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में तिलमिलाते हुए लोग अधिकारियों को फोन लगाते रहे। लेकिन किसी के फोन रिसीव नहीं किए गए। बंथर फीडर में भी रात को आई आंधी में ग्रामीण क्षेत्र को आपूर्ति करने वाले 11 हजार वोल्टेज लाइन फीडर से थोड़ी दूरी पर टूट गई। इससे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। (संवाद)

देर शाम बहाल हो सकी बिजली आपूर्ति
औरास। तेज हवाओं व रातभर हुई बरसात के कारण गुरुवार रात से क्षेत्र में 20 घंटे से बिजली सप्लाई बंद है। मियागंज से औरास आई 33 केवी लाइन पर कई जगह पेड़ व टहनियां गिर गईं। इससे लाइन के तार टूट कर जमीन पर गिर गए।बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए। शुक्रवार सुबह होते ही लाइनमैन ने लाइन ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। जेई रामू लोधी ने बताया देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
वहीं, पुरवा बिजली उपकेंद्र से जुड़े मंगतखेड़ा व बाजीखेड़ा फीडर की लाइन में फाल्ट होने से गुरुवार रात 10 बजे से क्षेत्र की सप्लाई बाधित हो गई। सप्लाई बाधित होने से क्षेत्र के लोगों को रात में समस्याओं का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह सात बजे के आसपास लाइन में आए फाल्ट को सही किया। इसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। जेई अशोक पाल ने बताया कि बारिश के कारण लाइन में फाल्ट हुए थे। मरम्मत हो गई है। गंजमुरादाबाद क्षेत्र में बारिश से बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। कर्मचारी रात भर फाल्ट नहीं खोज पाए। इससे नगर व आसपास के गांवों के करीब एक लाख लोगों को 21 घंटे बिजली नहीं मिल सकी। जेई कमलेश कुमार ने बताया कि पहले पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। (संवाद)

अंडरपास में पानी भरने से आवागमन बाधित
गंजमुरादाबाद। बांगरमऊ और गंजमुरादाबाद के बीच तीन रेलवे अंडरपास आते हैं। इसमें महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर बने रेलवे अंडरपास के ऊपर टिन शेड दो वर्ष पहले लगाया गया था। लेकिन दोनों ओर ब्रेकर न बनाए जाने से आसपास का पानी बहकर अंडरपास में घुटनों तक भर गया। इससे खंभौली, हैबतपुर, हसनापुर, तहिरापुर, मदारपुर आदि गावों के लोगों को दिक्कत हो रही है। रेल विभाग के सीनियर इंजीनियर आरबी गौतम ने बताया कि जल्द ही इन रेलवे अंडर पास में भी ब्रेकर बनाकर पानी रोका जाएगा। (संवाद)




हरदोई रोड पर हो रहा पुलिया निर्माण, वैकल्पिक रास्ते पर फिसलन से गिरते रहे लोग
उन्नाव। शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा में उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बनाई जा रही पुलिया के लिए पीडब्ल्यूडी ने वैकल्पिक रास्ता बनाया है। गुरुवार रात हुई बारिश से हुई फिसलन से आवागमन दिन भर प्रभावित रहा। कई लोग फिसल कर गिरे। सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिया वाहन सवारों और पैदल निकल रहे लोगों को हुई। हाईवे पर भी सोनिक डायवर्जन प्वाइंट के पास मिट्टी सड़क पर आने से गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक दिक्कत हुई।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कब्बाखेड़ा मोहल्ले में पुलिया को चौड़ा करने का काम चल रहा है। इसके लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है। गुरुवार रात हुई तेज बारिश से फिसलन हो गई। गुरुवार रात से शुरू हुई मुश्किलें शुक्रवार को भी दिन भर जारी रहीं। यह मार्ग दिन भर व्यस्त रहता है। चौबीस घंटे में औसतन 30000 छोटे-बड़े वाहन निकलते हैं। हालांकि पुलिया का काम चलने से भारी वाहनों को हरदोई रोड बाईपास से निकाला जा रहा है लेकिन हल्के वाहन वैकल्पिक रास्ते से निकल रहे हैं। बाइक सवार एक दूसरे को धक्का देकर निकलने में मदद करते रहे। लोकनगर निवासी राजू गुरुवार सुबह इसी रास्ते पर फिसल कर गिरा तो हाथ में चोट आ गई। इसी तरह कई और लोग भी फिसल कर गिरे। वहीं, हाईवे पर सोनिक मोड़ के पास बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास पर 200 मीटर में ट्रैफिक डायवर्जन है। दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से निकाले जा रहे हैं। डंपरों की आवाजाही से मिट्टी पूरी सड़क पर फैल गई है। बारिश से गीली हुई मिट्टी से फिसलन होने से दो पहिया वाहन सवारों को दिक्कत हुई। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सुबोध कुमार ने बताया कि कब्बाखेड़ा में बनाए गए वैकल्पिक रास्ते को ठीक कराया जाएगा, ताकि फिसलन न हो।

सदर बाजार में सीवर लाइन उफनाई, दुर्गंध से बुराहाल
उन्नाव। शहर के मुख्य मार्ग पर सदर बाजार में सीवर लाइन चोक होने से दुर्गंधयुक्त गंदा पानी सड़क पर बहता रहा। तेज दुर्गंध से खरीदारी करने गए लोगों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मालूम हो कि दो दिन पहल सीवर लाइन का चेंबर धंस गया था। इससे पानी सीवर सड़क पर बहने लगा था। जल निगम ने चेंबर के ऊपर ढक्कन तो लगा दिया लेकिन पाइप लाइन की सफाई नहीं कराई। गुरुवार रात हुई बारिश से सीवर युक्त पानी सड़क पर बहने लगा। शुक्रवार को भी पूरा दिन मुसीबत बना रहा। जलकल अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि जलभराव होने से समस्या हुई है। पाइप लाइन की सफाई जल्द कराई जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें