अचलगंज। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आजाद मार्ग चौराहे के पास गुरुवार रात 10:30 बजे उल्टी दिशा से आ रही कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने पत्नी को मृत घोषित कर पति को रेफर कर दिया। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला।
सदर कोतवाली के शेखपुर नरी निवासी जितेंद्र (35) पुत्र नेपाल सिंह गुरुवार शाम पत्नी प्रीति (30) के साथ बीमार सास को देखने कानपुर के निजी अस्पताल गए थे। रात को लौटते समय कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आजाद मार्ग चौराहे से जैसे ही उन्नाव की ओर मुड़े उल्टी दिशा से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में दंपती सड़क पर गिर गए। प्रीति के सिर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टर ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। शादी के 12 साल हो गए, लेकिन अभी कोई संतान नहीं थी। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।