नामांकन के आखिरी दिन 33 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया। इसमें अधिकांश निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी शामिल रहे। कुछ बड़े दलों के उम्मीदवारों ने दूसरा सेट भी दाखिल किया।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पर्चा दाखिल करने का मंगलवार को आखिरी दिन था। इससे कलक्ट्रेट में नामांकन कराने वालों की संख्या ज्यादा रही। मंगलवार को छोटे दल और निर्दलीय समेत कुल 33 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल मौजूद रहा। उम्मीदवारों के साथ सिर्फ उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया गया। निर्दलीय और छोटे दलों के प्रत्याशियों समेत कुछ बड़े दलों के नेताओं ने पर्चा खारिज होने के डर से दूसरा सेट भी दाखिल कर दिया।
नामांकन के चलते कलक्ट्रेट परिसर को जाने वाले रास्ते में हरदोई पुल के नीचे से तीन से चार जगहों पर बेरीकेडिंग लगी थी। बाइक सवारों को भी नहीं जाने दिया जा रहा था। निराला पार्क के पास भी बेरीकेडिंग लगा दी गई, जिससे कचहरी जाने पर मनाही रही।
सदर सीट पर सबसे अधिक 21 उम्मीदवार
आखिरी दिन 33 उम्मीदवारों समेत अब तक कुल 80 प्रत्याशी नामांकन करा चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 21 उम्मीदवार सदर और सबसे कम नौ प्रत्याशी सफीपुर विधानसभा क्षेत्र से हैं। उम्मीदवारों के दाखिल किए गए पर्चों की बुधवार को जांच होगी। जानकारों का मानना है कि तीन फरवरी को नाम वापसी के बाद ही आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी कि कौन चुनावी समर में ताल ठोंकेगा और कौन आधे रास्ते से ही वापस लौट जाएगा।
विधानसभावार नामांकनों की संख्या
विधानसभा नामांकन
भगवंतनगर 12
पुरवा 11
बांगरमऊ 16
सफीपुर 09
मोहान 11
सदर 21
--------------------
कुल 80