उन्नाव। प्रयागराज के कुंभ क्षेत्र में आयोजित होने वाले दो दिवसीय गंगा सम्मेलन में भाग लेने जिले के 34 ग्राम पंचायतों के प्रधान सोमवार दोपहर को रवाना हुए। इसमें 22 महिला व 12 पुरुष प्रधान शामिल रहे। डीएम ने कलक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
दो दिवसीय गंगा सम्मेलन मंगलवार से कुंभी क्षेत्र में शुरू होगा। इसमें गंगा को स्वच्छ व निर्मल रखने के लिए प्रधानों से सहयोग की अपील की जाएगी। सम्मेलन में शामिल होने के लिए जिले के गंगाकिनारे के 34 ग्राम प्रधानों को बुलाया गया। सोमवार को रोडवेज बस से प्रधानों को कुंभ के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने बस को हरी झंडी दिखाई। मंगलवार को प्रधानों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बात करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में उन्हें गंगा को निर्मल व स्वच्छ रखने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। प्रधानों में 22 महिला व 12 पुरुष शामिल हैं। उनके साथ जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन श्रीष द्विवेदी, संजय सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। बस को रवाना किए जाने के दौरान डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।