औरास। दो साल से बीमार चल रही वृद्धा बुधवार दोपहर संदिग्ध हालात में आग की चपेट में आ गई। बेटे ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक वह मां को अस्पताल ले जाता तब तक उसकी मौत हो गई। बेटे की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
औरास थाना क्षेत्र के नंदौली गांव निवासी भगवानदेई (60) पत्नी राजाराम लगभग दो साल से बीमार चल रही थी। बुधवार सुबह राजाराम किसी काम से शहर चला गया था। जबकि बेटा राजकुमार खेत में फसल की निगरानी करने के लिए घर से निकला था। इस बीच भगवानदेई आग की चपेट में आ गई।
भगवानदेई के चीखने पर ग्रामीणों ने बेटे राजकुमार को सूचना दी। सूचना पर बेटा भागकर घर पहुंचा। वह मां को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहा था तभी उसने दम तोड़ दिया। मां की मौत पर राजकुमार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दरोगा नरेंद्र कुमार ने जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया कि बेटे की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।
-दो साल से बीमार थी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा