अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। मिशन इंद्रधनुष अभियान के टीकाकरण सत्रों के निरीक्षण में लापरवाही पर सीएमओ ने कड़ी कार्रवाई कर डॉक्टर का वेतन काटने का आदेश दिया है। डब्ल्यूएचओ टीम के निरीक्षण में डाक्टर अनुपस्थित मिले थे। सोमवार को मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत के बाद डब्ल्यूएचओ की टीम ने टीकाकरण सत्राें का निरीक्षण किया था।
मिशन इंद्रधनुष अभियान में 18 से 22 जून तक जन्म से 2 वर्ष तक के 2272 बच्चों व 416 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित किया जाना है। सोमवार को अभियान की शुरुआत करते हुए सीएमओ डा. लालता प्रसाद व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों को लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए थे। हालांकि पहले ही दिन कई स्वास्थ्य कर्मी व अभियान की मानीटरिंग करने के लिए तैनात किए गए चिकित्सक अनुपस्थित मिले।
सोमवार शाम टीकाकरण सत्रों की रिपोर्ट में बांगरमऊ के रसूलपुर में डा. बिजनेश के अनुपस्थित रहने पर सीएमओ ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे डब्ल्यूएचओ की टीम ने रसूलपुर स्थित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया था। इसके अलावा कई अन्य केंद्रों पर एएनएम भी अनुपस्थित मिली हैं। एएनएम से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
-डब्ल्यूएचओ टीम के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले थे
-निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ ने की कार्रवाई