उन्नाव। ई-पॉश मशीन से राशन वितरण न करने वाले एक दर्जन कोटेदारों पर जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) की नजरें टेढ़ी हो गई है। शहर और गंगाघाट नगर पालिका क्षेत्र के इन कोटेदारों को डीएसओ ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। चेतावनी दी है यदि भविष्य में पुनरावृत्ति होती है तो सीधे कोटा निलंबित कर दिया जाएगा।
मालूम हो कि शासन के आदेश पर जुलाई से प्रदेश की सभी नगरीय क्षेत्र की कोटे की दुकानों में ई-पॉश मशीनों से राशन वितरण शुरू करा दिया गया है। वैसे जिले में तीन नगर पालिका परिषद व 15 नगर पंचायतें हैं। इनमें कुल 183 राशन की दुकानें हैं। इन सभी राशन की दुकानों पर ई-पॉश (प्वाइंट आफ सेल) मशीनें लगा दी गई हैं।
दुकानों के कोटेदारों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वह ई-पॉश मशीन के जरिये ही कार्ड धारकों को राशन वितरण करें। शासन के आदेश के बाद भी उन्नाव नगर पालिका परिषद के छह और गंगाघाट नगर पालिका के पांच उचित दर विक्रेताओं ने ई-पॉश के जरिये राशन नहीं बांटा। यहां कोटेदारों ने मैनुअल ढंग से राशन वितरण किया है। इसकी जानकारी जब डीएसओ जीवेश कुमार मौर्या को हुई तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
उन्होंने सभी कोटेदारों को नोटिस जारी किया है। डीएसओ ने बताया नोटिस में कोेटेदारों से पूछा गया है कि ई-पॉश मशीन के जरिये राशन वितरण न करने पर क्यों न उनका कोटा निलंबित कर दिया जाए। उन्नाव नगर पालिका परिषद के नरेंद्र बहादुर सिंह, तेज बहादुर सिंह, राधा सिंह, मेहताब आलम, रविशंकर पांडेय, नरेंद्र प्रताप सिंह और गंगाघाट नगर पालिका परिषद के ओमप्रकाश, विनोद कुमार, गंगानारायण, मुन्नी देवी व संगीता को नोटिस दी गई है।
सस्पेंड होगा कोटा
पहले चरण में सभी नगरीय क्षेत्र के कोटेदारों को मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं। इसलिए यहां के उचित दर विक्रेताओं को हर हाल में पॉश मशीन के माध्यम से ही राशन वितरण करना होगा। जो भी इसमें लापरवाही करेगा उसका कोटा निलंबित किया ही जाएगा, साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। दूसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों में ई-पॉश मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। - जीवेश कुमार मौर्या, जिला पूर्ति अधिकारी
- ई-पॉश मशीन से राशन वितरण न करने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने की कार्रवाई
- एक सप्ताह में मांगा गया स्पष्टीकरण, भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर निलंबित होगा कोटा
अमर उजाला ब्यूरो