उन्नाव। सेवायोजन कार्यालय में लगे रोजगार मेले में 28 बेरोजगारों को नौकरी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बुधवार को मेले में कुल 54 लोगों ने आवेदन किया था।
जिला सेवायोजन कार्यालय में बुधवार को लखनऊ की सुविधा माइक्रोफिन नामक फाइनेंस कंपनी ने 28 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया और पास होने पर ज्वाइनिंग लेटर दिए। इनमें से 12 को लोन ऑफीसर व 16 को फील्डमैन के पदों पर चयनित किया गया।
कंपनी के एचआर राजेंद्र यादव ने बताया कि कंपनी की ओर से लोन ऑफीसर के पद पर चयनित लोगों को 9250 से 14 हजार और फील्डमैन को 8750 से 12 हजार तक वेतन दिया जाएगा। बताया कि सभी को लखनऊ स्थित हेडआफिस में तीन महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। जिस दौरान 6 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन और रहने व खाने की व्यवस्था भी मुफ्त होगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. पीपीसी शर्मा ने बताया कि उनके उन्नाव आने के बाद यह पहला रोजगार मेला है। आगे भी इस प्रकार के मेलों का आयोजन कर जिले के बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे।