नवाबगंज/अजगैन। लखनऊ-कानपुर हाइवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ट्रेलर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ टाटा सूमो को टक्कर मारते हुए कार पर चढ़ गई। हादसे में करीब पच्चीस लोग घायल हुए हैं। वाहनों में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग तो बस की खिड़की से कूद गए।
घायल हुए लोग ग्रामीणों की मदद से दूसरे सवारी साधनों से लखनऊ और कानपुर निकल गए। गंभीर रूप से घायल दो दंपति समेत छह लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के चलते हाइवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। अजगैन थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
लखनऊ कानपुर हाइवे पर अजगैन थानाक्षेत्र में बसीरतगंज कटरा गांव के पास शाम करीब पांच बजे एक ट्रेलर (दस चक्का ट्रक) लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहा था चालक ट्रेलर को बैक करने लगा इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रही फैजाबाद डिपो की बस ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर लगने के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा, बस और डिवाइडर फांदते हुए सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई और कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही नीली बत्ती लगी टाटा सूमो में टकराते उसके पीछे खड़ी कार के ऊपर चढ़ गई। कटरा आसपास अन्य गांव के लोग मौके पर पहुंचे और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। लोगों को जो भी साधन मिला घायलों को लेकर लखनऊ और कानपुर निकल गए।
ग्रामीणों के मुताबिक तीनों वाहनों में कम से कम पच्चीस लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची अजगैन पुलिस ने बस में सवार कानपुर के कल्याणपुर निवासी सुमन वर्मा (30) पत्नी रवींद्र कुमार, उनके बेटे अरुष (10), इसी थानाक्षेत्र की गायत्रीपुरम कालोनी निवासी प्रीती (32) पत्नी जयप्रकाश, उनकी बेटी बेबी (5), बेटा अर्श (4) के अलावा कार मालिक कानपुर निवासी राहुल अग्रवाल और चालक राजेंद्र कुमार (30) को जिला अस्पताल पहुंचाया। नीली बत्ती लगी टाटा सूमो उपायुक्त हमीरपुर (स्वरोजगार) की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी तक इसकी पुष्टि न हो पाने की बात कह रही है।