नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का चेकअप करतीं चिकित्सक।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में हृदय रोग, मोतियाबिंद व नाक, कान, गले के 23 गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्वास्थ्य मेले में 3663 लोगों ने जांच कराई। मेले में दवाएं न होने से मरीजों को बाहर से ही दवाएं लेनी पड़ी। स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों का टीकाकरण भी हुआ।
शहर के अरबन सेंटरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित 42 स्वास्थ्य केंद्रों में सुबह 10 बजे आरोग्य स्वास्थ्य मेला लगा। शाम चार बजे तक चले स्वास्थ्य मेले में 3663 लोगों ने जांच कराई। जिसमें 1530 पुरुष, 1583 महिलाएं व 550 बच्चे शामिल हैं। इसमें 7 मरीजाें को मेडिकल उपचार, 13 मरीजों को मोतियाबिंद, नाक, कान व गले के रोग से पीड़ित तीन मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 970 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 695 लोगों की एंटीजन रैपिड किट से जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। मरीजों की जांच के लिए 156 डॉक्टर के साथ 559 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार, एसीएमओ डॉ. एके रावत, डॉ. आरके गौतम, डॉ. तन्मय कक्कड़, डॉ. नरेंद्र सिंह व डॉ. अर्जुन सिंह सारंग, स्वास्थ्य एवं शिक्षाधिकारी लालबहादुर यादव ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य मेले की हकीकत देखी। सीएमओ ने बताया कि जिन मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है उनको संबंधित बीमारी के डॉक्टर देखेंगे और उनका इलाज करेंगे।
नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों का टीकाकरण करती स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : UNNAO