उन्नाव। बारासगवर कस्बे के पास बुधवार की रात मवेशी से टकराकर बाइक पलट गई। हादसे में बाइक चला रहे चौकीदार की मौत हो गई। उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
बारासगवर थाना क्षेत्र के भोलाखेड़ा निवासी रामकिशोर (40) पुत्र रज्जू बारासगवर थाना में चौकीदार के पद पर तैनात था। बुधवार की रात वह करनईपुर ससुराल में साली सन्नो की शादी में शामिल होने गया था। साथ में उसका भांजा संदीप (20) पुत्र कालीप्रसाद भी था। शादी में शामिल होने के बाद रात में ही रामकिशोर घर लौट रहा था। बारासगवर कस्बे के पास सड़क पार कर रहे एक मवेशी से उसकी बाइक टकरा गई। मवेशी से टकराने के बाद बाइक सड़क पर पलट गई। हादसे में रामकिशोर व उसका भांजा संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद संदीप ने पिता कालीप्रसाद को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कालीप्रसाद ने पुलिस की मदद से दोनों को बीघापुर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया। संदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
------