हसनगंज (उन्नाव)। न्योतनी, मोहान और औरास नगर पंचायत में सामग्री आपूर्ति के लिए बिना टेंडर निकाले और निविदा कराए ही चहेते को लाखों के टेंडर दे दिए गए। नगर पंचायत मोहान के सभासदों ने यह आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की। सभासदों ने कहा मामले की जांच व कार्रवाई की जाए।
तहसील हसनगंज की नगर पंचायत न्योतनी में एलईडी लाइट से लेकर नाला सफाई व अंत्येष्टी स्थल निर्माण में निवर्तमान अधिशासी अधिकारी रेनू यादव पर करोड़ों रुपये गबन के आरोप का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि बिना टेंडर निकाले लाखों की सामग्री खरीदने का एक और आरोप लग गया है।
नगर पंचायत मोहान के सभासद बबलू, रूबी, मसरदजहां, रामपाल, राकेश, सब्बू, ठाकुर प्रसाद ने आरोप लगाते हुए कहा कि आउट सोर्सिंग के जरिये सामग्री आपूर्ति की निविदा सूचना सार्वजनिक नहीं की गई। न्योतनी, मोहान व औरास नगर पंचायत की टेंडर प्रक्रिया एक साथ पूरी कर दी गई।
आरोप है कि एक ही व्यक्ति को तीनों नगर पंचायतों में सामग्री आपूर्ति का ठेका दे दिया गया। सभासदों के मुताबिक सामग्री आपूर्ति करने वाला व्यक्ति ने रिश्तेदार के आयकर विभाग में अधिकारी होने की बात कहकर अधिकारियों को दबाव में लिया है।
टेंडर जारी करने के बाद अगस्त माह में 2.67 लाख का भुगतान भी कर दिया गया। सभासदों ने एसडीएम हसनगंज मनीष बंसल के साथ ही निदेशक स्थानीय निकाय, कमिश्नर, प्रमुख सचिव नगर विकास को शिकायती पत्र भेजकर जांच की मांग की है। मोहान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने आरोप को बेबुनियाद बताया। उनके मुताबिक टेंडर में सभी मानकों को पूरा किया गया है।
-न्योतनी, मोहान और औरास नगर पंचायत ईओ पर अनियमितता का आरोप
-एसडीएम से शिकायत कर सभासदों ने खोली पोल, जांच का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो