अमर उजाला ब्यूरो
बांगरमऊ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. जयराम सिंह ने मंगलवार को गौरियाकला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक व फार्मासिस्ट गायब मिले। वार्ड ब्वाय मरीजों का उपचार करता मिला। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ देख सीएचसी प्रभारी ने उन्हें दवाएं दी।
सीएचसी प्रभारी डा. जयराम सिंह सुबह 11 बजे गौरियाकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर देखा। जिसमें डा. विकेसा कुमार व फार्मासिस्ट लक्ष्मीशंकर गैरहाजिर मिले। अस्पताल में वार्ड ब्वाय कौशल किशोर मरीजों का उपचार कर रहा था। ओपीडी में मरीजों की भीड़ मिलने पर सीएचसी प्रभारी डा. जयराम सिंह ने खुद ओपीडी संभाली। इस दौरान कई मरीजों का उपचार करते हुए उन्हें दवाएं दी। पीएचसी के निरीक्षण के दौरान उन्हें दवाओं की स्टाक बुक, ओपीडी रजिस्टर भी नहीं मिला। सीएचसी प्रभारी डा. जयराम सिंह ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जा रही है। गैर हाजिर मिले स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई होगी।
- बांगमरऊ सीएचसी प्रभारी ने गौरियाकला पीएचसी का किया निरीक्षण
- ओपीडी में मरीजों की भीड़ देख सीएचसी प्रभारी ने उन्हें दी दवाएं