अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। जिले के 16 विकास खंडों की करीब सौ ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में जल्द ही शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यहां हैंडपंप भी लगेंगे जिससे पानी की समस्य दूर हो सके। पंचायतीराज विभाग ने जलनिगम व आरईएस के एक्सईएन को इसके लिए धनराशि जारी कर दी है। इससे जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
मौजूदा समय में 16 ब्लाकों की 91 ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्र लगभग बनकर तैयार हो चुके हैं। इन केंद्रों का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) ने किया है। अभी यहां पानी की व्यवस्था नहीं है। साथ ही शौचालय न होने से गर्भवतियों को परेशानी होती है। पंचायतीराज विभाग ने प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को 106000 रुपये दिए हैं। 91 केंद्रों के लिए 96 लाख 46 हजार रुपये आरईएस व जलनिगम के खातों में भेजे गए हैं।
डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव बताया कि संस्थाओं को एक शौचालय पर 69 हजार चार सौ रुपये और हैंडपंप लगवाने पर 36 हजार छह सौ रुपये खर्च करने होंगे। खातों में पैसा भेजने की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उनसे जल्द काम शुरू कराने को कहा गया है।
-16 विकास खंडों की 91 ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर खर्च होगी धनराशि
-पंचायतीराज विभाग ने जलनिगम व आरईएस के एक्सईएन को जारी की धनराशि