डेढ़ घंटे का ब्लाक, आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित
उन्नाव। मगरवारा से सहजनी रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरियों के मेंटीनेंस का काम रविवार को भी जारी रहा। अप ट्रैक पर डेढ़ घंटे के ब्लाक में पटरियों की गिट्टी पैकिंग समेत अन्य मरम्मतीकरण कार्य किया गया। ब्लाक से वरुणा एक्सप्रेस, राप्तीसागर, ग्वालियर बरौनी समेत तीन गाड़ियां देरी से स्टेशन पहुंचीं।
रविवार दोपहर 12:45 से 2:15 बजे के बीच अप ट्रैक पर मरम्मीतकरण कार्य के लिए रेल पथ निरीक्षक विभाग ने डेढ़ घंटे का ब्लाक लिया। इस दौरान रेल पथ विभाग के अधिकारियों ने मगरवारा से सहजनी क्रासिंग के बीच जर्जर पटरियों को मजबूती देने के लिए गिट्टी पैकिंग का कार्य किया। इसके अलावा पेंड्रोल क्लिप, टूटे नट बोल्ट, फिश प्लेटों को भी बदला गया। ब्लाक के चलते वरुणा एक्सप्रेस, राप्तीसागर एक्सप्रेस, बरौनी ग्वालियर, दो मालगाड़ियां व दो एलकेएम तीस से चालीस मिनट प्रभावित रहीं।
ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों की लोकेशन जानने को लेकर यात्रियों की पूछताछ कार्यालय कर्मचारी से नोकझोंक भी होती रही।
दो एलकेएम ट्रेनें रहीं निरस्त
रविवार को कानपुर-लखनऊ के बीच फर्राटा भरने वाली 64205 व 64207 एलएकेएम निरस्त रहीं। दो मेमू ट्रेनों के निरस्त होने से कानपुर व लखनऊ का सफर करने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहर के समय ब्लाक लेने से रेल आवागमन पर खास प्रभाव नहीं पड़ा। एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों का आवागमन न होने से विभाग को ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। न ही यात्रियों को लेट लतीफी का शिकार होना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि ब्लाक लेकर ट्रैक मेंटीनेंस कार्य किया गया है। इस दौरान रेल आवागमन सामान्य रहा।
- डेढ़ घंटे के ब्लाक में मगरवारा-सहजनी के बीच हुआ मरम्मतीकरण
अमर उजाला ब्यूरो