उन्नाव। नगर पालिका क्षेत्र में लगी करीब छह हजार हैवी लोड की स्ट्रीट लाइटों को हटवाकर कम वॉट के दूधिया रोशनी वाले एलईडी बल्ब व मरकरी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग पर पड़ रहा अतिरिक्त विद्युत भार कम होगा और लाखों का बिल भी बचेगा। इसके अलावा शहर की गलियां दूधिया रोशनी से सराबोर होंगी।
नगर पालिका अधिकारी अब दूसरी निकायों की तरह शहर के मुख्य मार्ग पर व गलियों को भी एलईडी की दूधिया रोशनी से जगमगाने की तैयारी की है। विभागीय अधिकारी पुरानी लाइटों को हटाकर नई लगवाने का ब्लूप्रिंट तैयार कर रहे हैं। अब हैवी लोड वाली लाइटों को हटाकर 500 से 600 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
अधिकारियों के अनुसार अभी जो स्ट्रीट लाइटें लगी हैं वे डेढ़ सौ से दो सौ वाट का लोड ले रही हैं। इनका विद्युत लोड अधिक होनेे से हर माह हजारों रुपये के बिजली बिल का नुकसान विभाग को झेलना पड़ रहा है। एलईडी लाइटें लगने से यह भार करीब चार से पांच गुना कम हो जाएगा। इससे विद्युत बिल में बड़ी राहत मिलेगी।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी रामपूजन श्रीवास्तव ने बताया कि पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर कम वाट वाली सफेद रोशनी की स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही कार्ययोजना बनाई जा रही है। जल्द ही योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
बदली जाएंगी छह हजार से अधिक लाइटें
नगर पालिका परिषद् के विभिन्न मोहल्लों में 6000 से अधिक मरकरी स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। इन लाइटों को हटाकर नई एलईडी लगवाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं विभाग कार्ययोजना के अलावा डीपीआर भी तैयार कर रहा है।
-500 से 600 वाट की लगाई जाएंगी एलईडी लाइटें
-नगर पालिका ने लाइटें लगाने की कवायद की तेज